Ranchi News: राजधानी रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के पंडरा ओपी अंतर्गत पिस्का मोड़ स्थित बैंक कॉलोनी में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई. मृतक की पहचान छोटू के रूप में हुई है.
खुले बिजली तार की चपेट में आया बच्चा
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे छोटू किसी काम से बाहर निकला था. इसी दौरान वह इलाके में लगे खुले बिजली तार की चपेट में आ गया. करंट का झटका इतना तेज था कि बच्चा मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों में अफरा-तफरी मच गई. आनन-फानन में बच्चे को इलाज के लिए सेवा सदन अस्पताल ले जाया गया.
अस्पताल पहुंचने से पहले हो चुकी थी मौत
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया. चिकित्सकों के अनुसार, बच्चे की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पंडरा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसे के बाद बैंक कॉलोनी इलाके में शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों ने खुले बिजली तारों को लेकर चिंता जताई है और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है.