Dumka News: दुमका जिले में एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक युवती की हत्या उसके ही प्रेमी द्वारा किए जाने का मामला उजागर हुआ है। मृतका रीना कुमारी, दुमका नगर थाना क्षेत्र के दुधानी की रहने वाली थी, जो कई दिनों से लापता थी। बाद में उसका शव मसानजोर डैम के पास बरामद किया गया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलाशा
शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध लगा, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने साफ कर दिया कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का मामला है। रिपोर्ट में युवती के शरीर और माथे पर चोट के कई निशान पाए गए, जिससे स्पष्ट हुआ कि उसे पहले प्रताड़ित किया गया और फिर पानी में धक्का देकर मौत के घाट उतारा गया।
कॉल डिटेल्स और लोकेशन ट्रैकिंग से आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस जांच में तकनीकी साक्ष्यों ने बड़ा खुलासा किया। कॉल डिटेल रिकॉर्ड और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर पता चला कि मृतका का संबंध देवघर जिले के सारठ निवासी केतन मंडल से था। घटना वाले दिन दोनों की लोकेशन उसी डैम क्षेत्र में पाई गई, जिससे शक और गहरा गया।
तीन महीने की जांच के बाद आरोपी गिरफ्तार, जुर्म कबूल
लगातार तीन महीने की जांच के बाद पुलिस ने केतन मंडल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। बताया गया कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और रीना द्वारा शादी का दबाव बनाए जाने से नाराज होकर उसने साजिश रचकर उसकी हत्या कर दी। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।