Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-12

Jamshedpur News: सोनारी और कदमा के विभिन्न इलाकों का विधायक सरयू राय ने किया दौरा, लोगों की समस्याएं सुनीं

Jamshedpur: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने शुक्रवार को सोनारी और कदमा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का भ्रमण कर स्थानीय लोगों की समस्याओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने लोगों से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतें सुनीं और संबंधित समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। दौरे के दौरान जॉगर्स पार्क में मॉर्निंग वॉकर्स ने शॉल ओढ़ाकर उनका सम्मान भी किया। सबसे पहले सरयू राय सोनारी स्थित जॉगर्स पार्क पहुंचे, जहां स्थानीय लोगों से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं और विकास कार्यों पर चर्चा की। इसके बाद उन्होंने सोनारी के निर्मल बस्ती, जाहिरा बस्ती और पंचवटी नगर का दौरा किया।

निर्मल बस्ती में गंदगी पर नाराजगी
निर्मल बस्ती के लोगों ने विधायक को कई दिनों से जमा कूड़े का ढेर दिखाया और नियमित साफ-सफाई नहीं होने की शिकायत की। स्थानीय निवासियों ने कहा कि कचरा उठाव नहीं होने से क्षेत्र में गंदगी फैल रही है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जाहिरा बस्ती में लोगों ने नए बिछाए जा रहे पेवर्स ब्लॉक निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। स्थानीय लोगों का कहना था कि पेवर्स ब्लॉक ठीक ढंग से नहीं बिछाए जा रहे हैं और उन पर चलने से वे हिल रहे हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में पर्याप्त मात्रा में बालू का उपयोग नहीं किया गया है।

पंचवटी नगर में पानी और अधूरे निर्माण का मुद्दा
पंचवटी नगर में स्थानीय लोगों ने नाली निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढों को लंबे समय से खुला छोड़ देने की शिकायत की। इसके अलावा कई इलाकों में नियमित जलापूर्ति नहीं होने की समस्या भी विधायक के समक्ष रखी गई। लोगों का कहना था कि कई मोहल्लों में टाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व जुस्को) की ओर से पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। इसी दौरान बलराम भट्ठा क्षेत्र की महिलाएं भी पहुंचीं और अपने मोहल्ले की समस्याओं से विधायक को अवगत कराया।

शास्त्रीनगर में गंदे पानी और छठ घाट की शिकायत
दौरे के अंतिम चरण में सरयू राय कदमा के शास्त्रीनगर पहुंचे। यहां संतोषी माता मंदिर क्षेत्र और आसपास के लोगों ने चापाकलों से गंदा पानी निकलने की शिकायत की। स्थानीय लोगों ने छठ घाट निर्माण में खामियों की ओर भी ध्यान आकर्षित किया। उनका कहना था कि घाट की सीढ़ियों के बीच अधिक दूरी होने से श्रद्धालुओं को चढ़ने और उतरने में परेशानी होती है।

उपायुक्त से उठाया पानी और बिजली का मुद्दा
स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए सरयू राय ने बताया कि हाल ही में उन्होंने उपायुक्त से मुलाकात कर बस्तियों में पानी और बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने में आ रही समस्याओं को उठाया है। उन्होंने उपायुक्त से टाटा स्टील यूआईएसएल और जेएनएसी की संयुक्त बैठक बुलाकर इन समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। उपायुक्त ने जल्द बैठक आयोजित करने का आश्वासन दिया है। दौरे के दौरान जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा, उत्तम कुमार, बाबू सिंह, नरेश बागती, प्रदीप सिंह, अजीत सिंह, भीम सिंह, मनोज सिंह, तारक मुखर्जी, केपी सिंह, संदीप सिंह समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !