Seraikela News: अपर उपायुक्त जयबर्धन कुमार ने शुक्रवार को ईचागढ़ अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अंचल के सभी संबंधित कर्मियों की मौजूदगी में राजस्व और भूमि संबंधी कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक की. जांच में लगान वसूली, पंजी-2 के संधारण और सुधार तथा अर्जित भूमि से जुड़े नामांतरण (म्यूटेशन) मामलों की प्रगति बेहद धीमी पाई गई, जिस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई.
15 दिनों के भीतर काम सुधारने की चेतावनी
अपर उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि राजस्व और भूमि अभिलेखों से जुड़े मामलों का समय पर निपटारा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लगान वसूली में तेजी लाएं और लंबित मामलों के निष्पादन के लिए विशेष अभियान चलाएं. इन सभी बिंदुओं पर 15 दिनों के भीतर काम में बड़ा सुधार दिखाते हुए अनुपालन रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है.
अनावश्यक देरी पर होगी कार्रवाई
समीक्षा के दौरान अपर उपायुक्त ने सख्त निर्देश दिया कि राजस्व और भूमि से जुड़े कार्यों में शत-प्रतिशत पारदर्शिता, समयबद्धता और उत्तरदायित्व सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि आम जनता के काम में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए. राजस्व संग्रहण को बढ़ाने और भूमि संबंधी मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर उन्होंने कर्मियों को जवाबदेह बनने की हिदायत दी.
नियमित निगरानी से सुधरेगी व्यवस्था
अपर उपायुक्त जयबर्धन कुमार ने बताया कि अंचल स्तर पर कार्यों की नियमित समीक्षा और सतत निगरानी की जाएगी, ताकि राजस्व प्रशासन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके. इस पूरी कड़ाई का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने से बचाना और उन्हें बेहतर तथा सुगम सेवाएं उपलब्ध कराना है.