Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-12

Jamshedpur News : एमजीएम अस्पताल में नशे के खिलाफ सख्ती, अटेंडर के पास से गांजा और चिलम बरामद

Jamshedpur News : मानगो डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल में नशा और तंबाकू उत्पादों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के दौरान शुक्रवार को एक व्यक्ति के पास से गांजा बरामद किया गया। वह मरीज का अटेंडर बनकर अस्पताल परिसर में मौजूद था। तलाशी के दौरान होमगार्ड जवानों ने उसके पास से गांजा की पुड़िया और चिलम बरामद कर जब्त कर लिया।


विधायक के निर्देश के बाद बढ़ी सख्ती, मरीजों तक पहुंचाए जा रहे थे नशीले पदार्थ

हाल ही में पोटका विधायक संजीव सरदार के अस्पताल निरीक्षण के दौरान प्रशासन और होमगार्ड जवानों को गुटखा, खैनी, सिगरेट और अन्य नशीले पदार्थों के प्रवेश पर सख्ती बरतने का निर्देश दिया गया था। इसके बाद अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार पर नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार कई बार मरीजों के परिजन ही गुटखा, खैनी, सिगरेट और अन्य नशीले पदार्थ अस्पताल के भीतर पहुंचाने का प्रयास करते हैं। जबकि अस्पताल परिसर में तंबाकू और मादक पदार्थों के सेवन तथा उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध है। इसके बावजूद ओपीडी, इमरजेंसी और वार्डों तक ऐसे सामान पहुंचाने की कोशिशें लगातार सामने आ रही हैं।

पहले भी कई लोग पकड़े जा चुके हैं, महिला जवान भी कर रहीं जांच

होमगार्ड जवानों की निगरानी के दौरान पहले भी कई लोगों से गुटखा, खैनी और सिगरेट बरामद हो चुके हैं। कई मामलों में जुर्माना वसूला गया, जबकि कुछ लोगों को चेतावनी देकर छोड़ा गया। जांच के दौरान कई बार लोगों और जवानों के बीच बहस की स्थिति भी बनी, लेकिन सख्ती के बाद लोगों को माफी मांगनी पड़ी।

अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए महिला होमगार्ड जवानों की भी तैनाती की गई है। महिला जवान महिलाओं की तलाशी ले रही हैं और उनके पास से भी तंबाकू उत्पाद बरामद होने के मामले सामने आए हैं। अधिकारियों का मानना है कि कड़ी जांच के कारण कुछ लोग महिलाओं के माध्यम से प्रतिबंधित सामग्री अस्पताल में पहुंचाने की कोशिश करते हैं।

बताया जाता है कि तीन माह से वेतन नहीं मिलने जैसी समस्याओं के बावजूद होमगार्ड जवान अस्पताल परिसर को नशामुक्त और अनुशासित बनाने के लिए लगातार अभियान चला रहे हैं। अस्पताल प्रबंधन और सुरक्षा कर्मियों का कहना है कि आगे भी जांच अभियान जारी रहेगा और नशीले पदार्थों के साथ पकड़े जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !