Seraikela: कांड्रा-चौका मुख्य मार्ग पर बड़ा जुरिया स्थित रंकनी ढाबा के समीप सड़क की बदहाल स्थिति लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। सड़क के बीचों-बीच बने बड़े-बड़े गड्ढे लगातार दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर शायद ही कोई ऐसा दिन गुजरता हो जब कोई न कोई हादसा न होता हो। बारिश के मौसम में सड़क की हालत और भी गंभीर हो गई है। गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। खासकर दोपहिया वाहन चालक अक्सर इन गड्ढों की चपेट में आकर घायल हो रहे हैं।
रोजाना हो रहे हादसे
स्थानीय निवासी शक्ति पद महतो ने बताया कि सड़क की यह स्थिति कई महीनों से बनी हुई है। उन्होंने कहा कि रात के समय गड्ढे दिखाई नहीं देने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ जाती है। कई बाइक सवार गिरकर घायल हो चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद प्रशासन की ओर से सड़क की मरम्मत को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई। कांड्रा-चौका मुख्य मार्ग होने के कारण इस सड़क से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, लेकिन जर्जर सड़क के कारण लोगों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है।
मरम्मत की मांग
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से अविलंब सड़क की मरम्मत कराने और गड्ढों को भरने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क की स्थिति नहीं सुधारी गई, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। फिलहाल सड़क की बदहाली क्षेत्रवासियों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।