Ranchi: राजधानी रांची के पुराना अरगोड़ा चौक के पास टोकन शुल्क वसूली को लेकर टोटो चालक और वसूली एजेंट के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट की नौबत आ गई। घटना के दौरान मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक टोटो चालक से नगर निगम के नाम पर टोकन शुल्क लिया जा रहा था। चालक का आरोप है कि एजेंट ने उससे पैसे तो लिए, लेकिन टोकन देने से इनकार कर दिया। जब चालक ने टोकन की मांग की तो दोनों के बीच बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।
बिना टोकन वसूली का आरोप
टोटो चालकों का कहना है कि पुराना अरगोड़ा चौक से अशोकनगर, कडरू और रेडिसन ब्लू क्षेत्र तक चलने वाले टोटो चालकों से नगर निगम की ओर से प्रतिदिन 30 रुपये टोकन शुल्क लिया जाता है। उनका आरोप है कि कई बार वसूली एजेंट शुल्क लेने के बावजूद टोकन नहीं देते हैं, जिससे चालकों में नाराजगी बढ़ रही है। टोटो और ऑटो चालकों का कहना है कि अलग-अलग रूट पर परिचालन के लिए बार-बार टोकन कटवाने की व्यवस्था उनके लिए परेशानी का कारण बन गई है। चालकों ने मांग की है कि टोकन व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए और बिना रसीद या टोकन के वसूली पर रोक लगाई जाए।