Jamshedpur News: जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में शुक्रवार को सामने आई पानी की समस्या शनिवार को दूर हो गई. अस्पताल में अब पानी की आपूर्ति सामान्य हो गई है. अस्पताल सूत्रों के अनुसार, पानी की कमी नहीं थी, बल्कि पुराने भवन में सप्लाई लाइन में तकनीकी खराबी के कारण समस्या उत्पन्न हुई थी.
जानकारी के मुताबिक अस्पताल परिसर में जहां से पूरे भवनों में पानी की सप्लाई की जाती है, वहां से पानी लगातार उपलब्ध कराया जा रहा था. लेकिन पुराने भवन तक पानी पहुंचाने वाली पाइप लाइन जाम हो जाने के कारण वहां सप्लाई प्रभावित हो गई थी.
पुराने भवन में मरीजों को हुई परेशानी
पानी की समस्या मुख्य रूप से पुराने भवन में रही, जहां पाइप लाइन में रुकावट के कारण पानी नहीं पहुंच पा रहा था. इसके कारण मरीजों और कर्मचारियों को कुछ समय के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा. वहीं अस्पताल की नई पांच मंजिली बिल्डिंग में पानी की उपलब्धता बनी रही और वहां भर्ती मरीजों को किसी तरह की परेशानी नहीं हुई.
मरम्मत के बाद बहाल हुई व्यवस्था
अस्पताल प्रबंधन ने पाइप लाइन की समस्या को ठीक कराया, जिसके बाद पुराने भवन में भी पानी की आपूर्ति बहाल हो गई. शनिवार को अस्पताल में स्थिति पूरी तरह सामान्य रही.