Giridih News: गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड के भरकट्ठा ओपी क्षेत्र स्थित सिरमाडीह गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शनिवार देर शाम एक पति ने अपनी 55 वर्षीय पत्नी कुर्सी देवी की कथित तौर पर ग्राइंडर मशीन से हत्या कर दी। घटना की जानकारी रविवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों को मिली, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
घरेलू विवाद ने लिया खूनी रूप
ग्रामीणों के अनुसार, कुर्सी देवी दिव्यांग थीं और अपने पति दौलत साव के साथ रहती थीं। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था और अक्सर कहासुनी होती रहती थी। बताया जा रहा है कि शनिवार को विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पत्नी की निर्मम हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर बिरनी थाना और भरकट्ठा ओपी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति दौलत साव को गिरफ्तार कर लिया।
हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस मृतका के परिजनों और अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है। सरिया-बगोदर एसडीपीओ धनंजय कुमार ने बताया कि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपी समेत दो लोगों से पूछताछ जारी है।
अवैध संबंध की चर्चा, लेकिन पुष्टि नहीं
घटना के बाद ग्रामीणों के बीच कथित अवैध संबंधों को लेकर चर्चाएं हैं। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जनप्रतिनिधियों ने भी घटनास्थल का दौरा कर इस जघन्य हत्या की निंदा की और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।