FIFA World Cup 2026: फुटबॉल वर्ल्ड कप में अपने पहले मुकाबले से पहले इंग्लैंड टीम को बड़ा झटका लगा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फ्लोरिडा से मिसौरी ले जाए जा रहे टीम के कई जरूरी उपकरण रास्ते में चोरी हो गए। बताया जा रहा है कि खिलाड़ियों के बूट, फुटबॉल, ट्रेनिंग उपकरण और अन्य अहम संसाधन इस चोरी में गायब हो गए हैं।
हैरी केन-जूड बेलिंगहैम के बूट भी चोरी होने की आशंका
रिपोर्ट्स के अनुसार चोरी हुए सामान में कप्तान हैरी केन और स्टार मिडफील्डर जूड बेलिंगहैम समेत कई खिलाड़ियों के बूट भी शामिल हो सकते हैं। यह सामान फ्लोरिडा के वेस्ट पाम बीच स्थित ट्रेनिंग कैंप से मिसौरी के स्वोप सॉकर विलेज बेस तक ले जाया जा रहा था।
कोच का रणनीतिक व्हाइटबोर्ड और एनालिसिस उपकरण भी गायब
चोरी की इस घटना में टीम के एनालिसिस इक्विपमेंट, ट्रेनिंग संसाधन, मुख्य कोच थॉमस ट्यूशेल का रणनीतिक व्हाइटबोर्ड और खिलाड़ियों की रिकवरी के लिए इस्तेमाल होने वाली मसाज टेबल भी गायब बताई जा रही है। दावा है कि पूरे कार्गो में केवल एक फुटबॉल ही बची मिली।
FA और पुलिस ने शुरू की जांच
घटना सामने आने के बाद इंग्लैंड फुटबॉल एसोसिएशन (FA) ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर जांच शुरू कर दी है। कुछ रिपोर्ट्स में सामान की ढुलाई से जुड़े कुछ लोगों पर भी संदेह जताया गया है, हालांकि अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
18 जून को पहला मैच, तैयारियों पर संकट
इंग्लैंड टीम को 18 जून को क्रोएशिया के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलना है। ऐसे में टीम मैनेजमेंट के सामने जरूरी उपकरणों की व्यवस्था कर तैयारियों को फिर से पटरी पर लाने की चुनौती खड़ी हो गई है। हालांकि इस पूरे मामले पर FA की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।