Railway Updates: दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में होने वाले इंजीनियरिंग, टीआरडी और सिग्नल एंड टेलीकम्युनिकेशन (एसएंडटी) कार्यों के कारण 15 जून से 21 जून तक कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा. रेलवे की ओर से इस अवधि में रोलिंग ब्लॉक लिया जाएगा, जिसके चलते कुछ ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कई ट्रेनों का परिचालन आंशिक रूप से बदला गया है.
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें, ताकि उन्हें किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.
आद्रा-आसनसोल-आद्रा मेमू ट्रेन संख्या 68061/68062 का परिचालन 15 और 18 जून को रद्द रहेगा. वहीं आद्रा-मिदनापुर-आद्रा मेमू ट्रेन संख्या 68090/68089 को 16, 19 और 21 जून को रद्द किया गया है. आद्रा-भागा-आद्रा मेमू ट्रेन संख्या 68077/68078 और भोजूडीह-चंद्रपुरा-भोजूडीह मेमू ट्रेन संख्या 68079/68080 का परिचालन 21 जून को नहीं होगा.
इसके अलावा कुछ ट्रेनों को आंशिक रूप से चलाने का निर्णय लिया गया है. चक्रधरपुर-गोमो-चक्रधरपुर मेमू ट्रेन संख्या 18116/18115 आगामी 16, 19 और 21 जून को महुदा-गोमो-महुदा तक ही चलेगी. आसनसोल-टाटानगर-आसनसोल मेमू ट्रेन संख्या 68055/68056 को 17 और 20 जून को आद्रा में ही समाप्त कर दिया जाएगा.
आसनसोल-पुरुलिया-आसनसोल मेमू ट्रेन संख्या 63594/63593 का परिचालन 16 से 20 जून तक आद्रा तक सीमित रहेगा. वहीं खड़गपुर-हटिया-खड़गपुर एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 18035/18036 भी 17 और 20 जून को आद्रा तक ही चलेगी. टाटानगर-आसनसोल-बाराभूम मेमू ट्रेन संख्या 68056/68060 को 15 जून को आद्रा में आंशिक रूप से समाप्त किया जाएगा.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह बदलाव यात्रियों की सुरक्षा और रेल परिचालन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे रखरखाव कार्यों के कारण किया गया है.