Chandil News: कपाली नगर परिषद क्षेत्र के डांगरडीह स्थित रहमत नगर (वार्ड संख्या-16) में बिजली आपूर्ति की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है. इलाके में लगा 100 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर बढ़ते लोड को संभालने में असमर्थ साबित हो रहा है, जिससे बार-बार खराबी आने और बिजली आपूर्ति बाधित होने से स्थानीय लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है.
170 उपभोक्ताओं पर एक ट्रांसफार्मर, बढ़ते लोड से बढ़ी परेशानी
वार्ड संख्या-16 के प्रतिनिधि खगेन चंद्र महतो, मन्नान, अफसर और स्थानीय ग्रामीणों ने ईचागढ़ विधायक सविता महतो को ज्ञापन सौंपकर समस्या से अवगत कराया. ग्रामीणों ने बताया कि एक ही 100 केवीए ट्रांसफार्मर से करीब 170 उपभोक्ताओं को बिजली दी जा रही है. बढ़ती आबादी और बिजली की मांग के कारण ट्रांसफार्मर पर लगातार अतिरिक्त भार पड़ रहा है, जिससे वह बार-बार खराब हो रहा है.
बिजली कटौती से पढ़ाई और छोटे कारोबार हो रहे प्रभावित
स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी और बरसात के मौसम में बिजली की अनियमित आपूर्ति से सबसे ज्यादा परेशानी होती है. घरेलू कामकाज के अलावा विद्यार्थियों की पढ़ाई और छोटे व्यवसाय भी प्रभावित हो रहे हैं. लोगों का कहना है कि मौजूदा व्यवस्था अब क्षेत्र की जरूरतों को पूरा नहीं कर पा रही है.
200 केवीए ट्रांसफार्मर लगाने का आश्वासन
ग्रामीणों ने विधायक से मांग की है कि वर्तमान 100 केवीए ट्रांसफार्मर को हटाकर 200 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए. ज्ञापन मिलने के बाद विधायक सविता महतो ने भरोसा दिलाया कि इस मांग को संबंधित विभाग के समक्ष प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा और जल्द ही नया ट्रांसफार्मर लगाने की प्रक्रिया शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि कार्य पूरा होने के बाद वह स्वयं क्षेत्र का दौरा कर व्यवस्था का जायजा लेंगी.