Bihar News: बिहार की राजधानी पटना में शिक्षक खान सर और ज्ञानबिंदु कोचिंग सेंटर के डायरेक्टर रोशन आनंद के बीच चल रहा विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है. इसी बीच रोशन आनंद के भाई प्रिंस की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर सामने आई है. प्रिंस खान सर की कोचिंग पर हुए हमले के मामले में आरोपी था.
हमले के मामले में आरोपी था प्रिंस
जानकारी के अनुसार खान सर की कोचिंग पर हुए हमले के मामले में प्रिंस समेत कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी. केस दर्ज होने के बाद प्रिंस अपने कुछ दोस्तों के साथ नेपाल में रह रहा था. इसी दौरान देर रात एक होटल में उसकी संदिग्ध हालत में मौत हो गई.
घटना की जानकारी मिलने के बाद रोशन आनंद के परिजन नेपाल के लिए रवाना हो गए हैं. बताया जा रहा है कि इससे पहले भी वर्ष 2021 में खान सर की कोचिंग पर हुए हमले के मामले में प्रिंस का नाम सामने आया था.
मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं
नेपाल में हुई इस मौत को लेकर अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. मीडिया रिपोर्टों के अनुसार घटना के बाद होटल में मौजूद कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके.
सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं
प्रिंस की मौत के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. कुछ लोग इसे किसी साजिश से जोड़कर देख रहे हैं, हालांकि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है.
गौरतलब है कि खान सर और रोशन आनंद के बीच विवाद के बाद दोनों पक्षों की ओर से कानूनी कार्रवाई चल रही है. रोशन आनंद फिलहाल जेल में हैं, जबकि खान सर को अग्रिम जमानत मिल चुकी है. अब प्रिंस की संदिग्ध मौत ने इस पूरे मामले को और चर्चा में ला दिया है.