BREAKING: परसूडीह थाना क्षेत्र के चांदनी चौक निवासी 25 वर्षीय सुमित मुंडा की सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को घटनास्थल पर रखकर विरोध जताया और दोषी चालक की गिरफ्तारी की मांग की।
टाटा मोटर्स ड्यूटी जाने के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार सुमित मुंडा सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे अपनी बाइक से अपने कार्यालय टाटा मोटर्स में ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान सलगाजूड़ी हनुमान मंदिर के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें ओवरटेक करने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ओवरटेक करने के दौरान हाईवा ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे सुमित सड़क पर गिर गए। गिरते ही वह हाईवा के नीचे आ गए और वाहन का चक्का उनके ऊपर चढ़ गया। हादसा इतना भयावह था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
चालक फरार, लोगों ने हाईवा को रोका
घटना के बाद स्थानीय लोगों और बस्तीवासियों ने हाईवा को घेरकर रोक लिया। हालांकि मौका पाकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस सड़क पर हादसा हुआ, वह काफी पतला है और वहां भारी वाहनों की आवाजाही सुरक्षित नहीं मानी जाती। इसके बावजूद रात और सुबह के समय बड़ी संख्या में हाईवा और अन्य भारी वाहन तेज गति से गुजरते हैं। ग्रामीणों और स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस मार्ग पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों ने भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा उपायों की मांग की है। हादसे के बाद परिजन और स्थानीय लोग शव को घटनास्थल पर रखकर बैठ गए।