Bokaro Big News: बोकारो में भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के आरोपों को लेकर बोकारो पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है. बालीडीह थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन कुमार सिंह और सब इंस्पेक्टर भागू उरांव को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है. दोनों अधिकारियों पर पद के दुरुपयोग और रिश्वत मांगने के आरोप लगाए गए थे.
एसपी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार बालीडीह थाना में नए प्रभारी की नियुक्ति होने तक थाने का प्रभार हेडक्वार्टर डीएसपी को सौंपा गया है, ताकि क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और पुलिस कार्य प्रभावित न हो.
बताया जा रहा है कि मामला एक जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है. इससे पहले इसी प्रकरण में बालीडीह थाना के जमादार याकूब अंसारी को पांच हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया था. इस गिरफ्तारी के बाद पूरे मामले की जांच तेज हुई और शिकायतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की गई.
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने उसकी जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया था और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही थी. न्याय की उम्मीद लेकर जब वह थाने पहुंचा तो कथित रूप से उससे कार्रवाई के बदले रिश्वत की मांग की गई. आरोप है कि रिश्वत देने से इनकार करने पर उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया और थाने से भगा दिया गया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की है. अब पूरे प्रकरण की आगे जांच की जा रही है.