Jharkhand News: लॉकडाउन अवधि के दौरान झारखंड के कई जिलों में हुई कथित अवैध पेड़ कटाई के मामले में झारखंड हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से जांच रिपोर्ट तलब की है. मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने जांच की प्रगति और अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी मांगी है.
सुनवाई के दौरान प्रार्थी की ओर से अधिवक्ता अभय कुमार मिश्रा ने अदालत को बताया कि राज्य के मौजूदा महाधिवक्ता राजीव रंजन ने इस्तीफा दे दिया है और नए महाधिवक्ता के पदभार ग्रहण नहीं करने के कारण समय देने का आग्रह किया गया. अदालत ने इस बात को रिकॉर्ड में लेते हुए मामले की सुनवाई अगले सप्ताह के लिए टाल दी.
लॉकडाउन में हजारों पेड़ काटने का आरोप
मामले में आरोप लगाया गया है कि लॉकडाउन के दौरान रांची, पलामू, गढ़वा, जामताड़ा और चाईबासा समेत कई जिलों के जंगलों में बड़े पैमाने पर अवैध तरीके से पेड़ों की कटाई की गई. दावा किया गया कि काटे गए पेड़ों को 200 से अधिक ट्रकों में भरकर ले जाया गया.
प्रार्थी ने बताया कि इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से की गई थी, जिसके बाद डीजीपी को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया गया था. इसके बाद भी अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया. बाद में मामले में प्राथमिकी दर्ज हुई और जांच सीआईडी को सौंपने का निर्देश दिया गया. हाईकोर्ट अब पूरे मामले में राज्य सरकार की जांच रिपोर्ट का इंतजार करेगा.