Ranchi News: उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा पेपर लीक और धांधली मामले में आरोपी सुंदर साव की जमानत याचिका पर सोमवार को सिविल कोर्ट रांची में सुनवाई हुई. एजेसी योगेश कुमार की अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद मामले की अगली सुनवाई के लिए 29 जून की तारीख तय की है.
परीक्षा से पहले उत्तर रटवाने का लगा था आरोप
मामला उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा से जुड़ा है, जो 13 अप्रैल को प्रस्तावित थी. आरोप है कि परीक्षा से एक दिन पहले 12 अप्रैल की रात अभ्यर्थियों को प्रश्नों के उत्तर याद करवाए जा रहे थे. सूचना के आधार पर तमाड़ थाना पुलिस ने रड़गांव स्थित एक निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज में छापेमारी कर पूरे मामले का खुलासा किया था.
पुलिस कार्रवाई के दौरान अभ्यर्थियों समेत कुल 166 लोगों को पकड़ा गया था. इनमें कथित गिरोह के मास्टरमाइंड, महिला आरोपी और बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल थे.
तीन लाख एडवांस और 10 लाख नियुक्ति के बाद देने की थी बात
जांच में पुलिस के अनुसार सामने आया कि अभ्यर्थियों से परीक्षा से पहले तीन लाख रुपये और चयन के बाद नियुक्ति के समय 10 लाख रुपये लेने की योजना बनाई गई थी. ग्रामीणों को बड़ी संख्या में लोगों के एक जगह जुटने पर शक हुआ था, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और कार्रवाई हुई.
केस डायरी को लेकर टल चुकी थी सुनवाई
जमानत के लिए कई आरोपियों की ओर से याचिकाएं दाखिल की गई थीं. सुनवाई के दौरान अदालत ने तमाड़ पुलिस से केस डायरी मांगी थी, लेकिन समय पर केस डायरी पेश नहीं होने के कारण कई बार सुनवाई टल गई थी. अदालत के निर्देश के बाद पुलिस ने केस डायरी प्रस्तुत की थी, जिसके बाद कई आरोपियों को जमानत मिल चुकी है. अब सुंदर साव की जमानत याचिका पर अगली सुनवाई 29 जून को होगी.