Jamshedpur: परसुडीह थाना क्षेत्र में सुबह टहलने निकली एक वृद्ध महिला अपराधियों का निशाना बन गई। प्रेम कुंज के समीप एक बाइक सवार युवक ने उनके गले में पहनी सोने की चेन छीन ली। अचानक हुई इस घटना में महिला संतुलन खोकर सड़क पर गिर पड़ीं, जिससे उन्हें चोटें आईं। जानकारी के अनुसार धनवंती देवी रोज की तरह सुबह करीब सात बजे घर से टहलने निकली थीं। इसी दौरान पीछे से आए एक बाइक सवार युवक ने उनके गले पर झपट्टा मारते हुए चेन खींच ली और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद महिला घबरा गईं और उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी परिवार को नहीं दी।
दो दिन बाद परिजनों को मिली जानकारी
बताया जा रहा है कि रविवार को आसपास के लोगों के बीच इस घटना की चर्चा होने पर परिजनों को पूरे मामले की जानकारी मिली। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें एक संदिग्ध बाइक सवार की गतिविधियां दिखाई दीं। महिला के पुत्र संतोष कुमार ने देर शाम परसुडीह थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी। उन्होंने पुलिस से आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। परिवार का कहना है कि इलाके में इस तरह की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल बन रहा है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू
पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिया है और संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज में दिखाई दे रहे व्यक्ति के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है और जल्द ही आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी चिंता बढ़ गई है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि मॉर्निंग वॉक या दैनिक कार्यों के लिए निकलने वाले लोग सुरक्षित महसूस कर सकें।