Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-15

Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम में अवैध खनन पर शिकंजा, एक माह में 20 मामलों में कार्रवाई; 24 वाहन जब्त

Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है. समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक हुई, जिसमें अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई.

बैठक में उपायुक्त ने संबंधित विभागों को अवैध खनन रोकने के लिए संयुक्त रूप से नियमित जांच अभियान चलाने और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

एक महीने में जब्त हुआ 906 टन अवैध खनिज
बैठक में बताया गया कि 18 मई से 14 जून 2026 के बीच जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स ने अवैध खनन के खिलाफ अभियान चलाया. इस दौरान 20 मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 906 टन अवैध खनिज जब्त किए गए.
जब्त खनिजों में 812 टन बालू, 74 टन चिप्स और 20 टन लौह अयस्क शामिल हैं. कार्रवाई के दौरान 24 वाहनों को जब्त किया गया, जबकि दो प्राथमिकी दर्ज कर 4.13 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया.

ओवरलोडिंग और अवैध परिवहन पर भी नजर
प्रशासन के अनुसार जब्त वाहनों में 16 हाइवा, 5 ट्रैक्टर और 3 अन्य वाहन शामिल हैं. उपायुक्त ने बालू घाटों, खनन प्रभावित क्षेत्रों और प्रमुख परिवहन मार्गों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं. साथ ही ओवरलोडिंग के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई करने को कहा गया है.

क्रशर और ईंट भट्ठों की जांच
बैठक में झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के आदित्यपुर क्षेत्रीय कार्यालय की रिपोर्ट की भी समीक्षा की गई. अधिकारियों ने बताया कि हाल में दो क्रशर और दो ईंट भट्ठों का निरीक्षण किया गया है. उपायुक्त ने पर्यावरणीय मानकों का पालन सुनिश्चित करने और गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए.

मानसून में बालू उठाव पर रोक
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के आदेश के तहत जिले के सभी बालू घाटों से 10 जून से 15 अक्टूबर 2026 तक बालू उठाव पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. उपायुक्त ने अधिकारियों को इस आदेश का सख्ती से पालन कराने और अवैध बालू उत्खनन पर विशेष निगरानी रखने को कहा.
बैठक में वन, खनन, परिवहन, पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे, जबकि विभिन्न अंचलों के सीओ और थाना प्रभारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !