Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-15

Jamshedpur Crime News: सिदगोड़ा में पुलिस पर फायरिंग की पूरी कहानी आई सामने, चेन स्नैचिंग के बाद भाग रहे दो अपराधी गिरफ्तार

Jamshedpur: सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर के पास पुलिस पर फायरिंग की घटना को लेकर अब पूरी जानकारी सामने आ गई है। बताया जा रहा है कि पल्सर बाइक सवार दो अपराधी टेल्को थाना क्षेत्र में एक महिला से चेन छीनकर फरार हो रहे थे। घटना के बाद टेल्को थाना पुलिस ने उनका पीछा शुरू किया और वायरलेस के माध्यम से अन्य थाना क्षेत्रों को भी अलर्ट कर दिया गया। सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना के जवान भी सक्रिय हो गए और इलाके में नाकेबंदी कर दी गई। इसी दौरान सूर्य मंदिर के पास गश्त कर रही पुलिस टीम को दोनों अपराधी उसी पल्सर बाइक पर नजर आए। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों ओर से घेराबंदी शुरू कर दी।

पुलिस वाहन के ओवरटेक करते ही अनियंत्रित होकर गिरी बाइक
अपराधियों को पकड़ने के लिए एक पुलिस वाहन ने तेजी से पीछा किया और उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पल्सर बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। बाइक गिरते ही पुलिस ने एक अपराधी को मौके पर ही दबोच लिया। वहीं दूसरा अपराधी मौके से भागने लगा। पुलिस जब उसका पीछा कर रही थी, तभी उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। सूत्रों के अनुसार पुलिस की ओर से भी जवाबी कार्रवाई में गोली चलाए जाने की चर्चा है, हालांकि इसकी अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पिस्टल फेंककर JAP-6 कैंपस में घुसा आरोपी
फायरिंग के बाद आरोपी ने कथित तौर पर अपनी पिस्टल फेंक दी और दीवार फांदकर JAP-6 कैंपस में घुस गया। जैसे ही पुलिस को इसकी जानकारी मिली, पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई और सर्च अभियान शुरू किया गया। कुछ देर बाद पुलिस ने उसे भी पकड़ लिया। सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तार अपराधियों के पास से दो पिस्टल, 12 से अधिक जिंदा कारतूस और कई सोने की चेन बरामद की गई हैं। हालांकि बरामदगी को लेकर पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

दो दर्जन से अधिक छिनतई की घटनाओं में संलिप्त होने की आशंका
जानकारी के अनुसार दोनों अपराधी पिछले कई महीनों से शहर में सक्रिय थे और दो दर्जन से अधिक छिनतई की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस लंबे समय से उनकी तलाश में जुटी हुई थी। घटना के बाद पूरे शहर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है। कई अज्ञात लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।

पुलिस के आधिकारिक बयान का इंतजार
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले में कुछ भी बोलने से इनकार कर रही है। गिरफ्तारी, बरामदगी और फायरिंग की घटना को लेकर विस्तृत जानकारी पुलिस के आधिकारिक बयान के बाद ही सामने आ सकेगी। अब सभी की नजर पुलिस की अगली कार्रवाई और आधिकारिक खुलासे पर टिकी हुई है।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !