Chandil News: ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने और लोगों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत चांडिल प्रखंड में 9 चयनित लाभुकों के बीच बकरी पालन योजना की इकाइयों का वितरण किया गया। इस दौरान लाभुकों को योजना का बेहतर लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
वैज्ञानिक तरीके से बकरी पालन अपनाने की दी सलाह
सूचना भवन से मिली जानकारी के अनुसार, लाभुकों को परिसंपत्तियों का सही उपयोग करने तथा वैज्ञानिक पद्धति से बकरी पालन करने की सलाह दी गई। साथ ही पशुपालन को लाभकारी बनाने के लिए आवश्यक तकनीकी जानकारियां भी साझा की गईं।
पशुओं के स्वास्थ्य प्रबंधन पर दिया गया विशेष जोर
अधिकारियों ने लाभुकों को पशुओं के नियमित टीकाकरण, स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार और उचित प्रबंधन के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि इन उपायों को अपनाकर पशुओं को स्वस्थ रखा जा सकता है और उत्पादन क्षमता में वृद्धि की जा सकती है।
स्वरोजगार के जरिए ग्रामीण परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों, किसानों और पशुपालकों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाना है। वहीं, पशुपालन विभाग के क्षेत्रीय कर्मियों को लाभुकों का नियमित अनुश्रवण करने और आवश्यक तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।