Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-16

Jharkhand News: झारखंड के 1.63 करोड़ मतदाताओं को SIR में नहीं देने होंगे दस्तावेज, सिर्फ फॉर्म और फोटो से होगा काम

Jharkhand News: झारखंड में वर्ष 2026 की मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर राज्य के मतदाताओं को बड़ी राहत दी गई है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने स्पष्ट किया है कि राज्य के करीब 1.63 करोड़ मौजूदा मतदाताओं को इस प्रक्रिया के दौरान किसी भी तरह के दस्तावेज जमा करने की जरूरत नहीं होगी.

इन मतदाताओं को केवल सही तरीके से भरा हुआ प्री-फिल्ड इन्यूमरेशन फॉर्म और हाल की रंगीन फोटो जमा करनी होगी. निर्वाचन विभाग का कहना है कि पहले से हुई मैपिंग के कारण बड़ी संख्या में मतदाताओं को अतिरिक्त दस्तावेजी प्रक्रिया से राहत मिलेगी.

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने राज्य के सभी बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को स्वयं और पैतृक मैपिंग का पहला चरण सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए बधाई दी. उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया का मकसद मतदाताओं की परेशानी कम करना और बिना अनावश्यक दस्तावेजी बोझ के मतदाता सूची को अपडेट करना है.

उन्होंने बताया कि वर्ष 2003 की SIR मतदाता सूची और अन्य राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की पुरानी मतदाता सूचियों के आधार पर मतदाताओं की मैपिंग की गई है. इसके चलते बड़ी संख्या में लोगों को अलग से दस्तावेज देने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

30 जून से शुरू होगा घर-घर सत्यापन अभियान
निर्वाचन विभाग के अनुसार 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना और सत्यापन का काम करेंगे. इस दौरान जिन मतदाताओं की मैपिंग अभी पूरी नहीं हुई है, उनकी स्वयं और पैतृक जानकारी भी अपडेट की जाएगी.

जिन मतदाताओं या उनके माता-पिता का नाम पहले की SIR मतदाता सूची में दर्ज रहा है, उन्हें संबंधित जानकारी बीएलओ को उपलब्ध कराने की अपील की गई है.

सिर्फ कुछ मतदाताओं को देने होंगे दस्तावेज
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि दस्तावेज जमा करने की जरूरत केवल ऐसे सीमित मतदाताओं को होगी जिनकी मैपिंग नहीं हो पाई है या जो नए मतदाता के रूप में पंजीकरण कराना चाहते हैं.
ऐसे मतदाताओं की जानकारी 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची जारी होने के बाद सामने आएगी. इसके बाद संबंधित निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (ERO) की ओर से उन्हें व्यक्तिगत नोटिस भेजा जाएगा.

बाहर रहने वाले लोगों के लिए भी आसान व्यवस्था
झारखंड से बाहर रहने वाले प्रवासी मजदूरों, छात्रों और अन्य नागरिकों को मैपिंग के लिए खुद उपस्थित होने की जरूरत नहीं होगी. परिवार के सदस्य, बीएलओ ऐप, ईसीआईनेट की "बुक-ए-कॉल" सुविधा या बीएलओ के संपर्क माध्यम से जरूरी जानकारी दी जा सकती है. इसके अलावा गणना फॉर्म को इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से भरकर भी भेजने की सुविधा उपलब्ध रहेगी.

SIR प्रक्रिया की अहम तारीखें
घर-घर गणना अभियान 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक चलेगा. इसके बाद 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी. मतदाता 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक दावा और आपत्ति दर्ज करा सकेंगे. वहीं नोटिस और सत्यापन की प्रक्रिया 5 अगस्त से 3 अक्टूबर 2026 तक चलेगी. अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर 2026 को जारी की जाएगी.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !