Chakulia News: चाकुलिया और कोकपाड़ा के बीच सुनसुनिया रेलवे फाटक के पास सोमवार को जंगली हाथियों के झुंड के हमले में रेलवे कर्मी संजीव की दर्दनाक मौत हो गई। संजीव रेलवे में ट्रैकमैन के पद पर कार्यरत था। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मोबाइल से वीडियो बनाते वक्त हाथियों का हमला, ट्रैकमैन की मौत से मचा कोहराम
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर संजीव उन्हें देखने जंगल की ओर चले गए। बताया जा रहा है कि वह मोबाइल से हाथियों का वीडियो बना रहे थे, तभी हाथियों के झुंड ने उन पर अचानक हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में गहरा आक्रोश और दहशत फैल गई है।
ग्रामीणों ने हाथियों के आतंक पर स्थायी समाधान की उठाई मांग
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथियों से दूरी बनाए रखें और जंगल क्षेत्रों में अकेले न जाएं। ग्रामीणों ने हाथियों के बढ़ते आतंक पर स्थायी नियंत्रण की मांग की है।