Bihar Liquor Raid: बिहार में शराबबंदी के बीच आमस थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. वाहन जांच के दौरान एक कंटेनर से 3087 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई. पुलिस ने मौके से राजस्थान निवासी चालक नरेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. जब्त शराब की कीमत 30 से 40 लाख रुपये के बीच आंकी जा रही है.
सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर कंटेनर की ली तलाशी
पुलिस को पहले से संकेत मिला था कि भारी मात्रा में शराब की खेप राज्य में पहुंचाई जा रही है. इसके बाद आमस थाना क्षेत्र में जांच अभियान तेज किया गया. इसी दौरान संदेह के आधार पर एक कंटेनर को रोककर उसकी तलाशी ली गई. जांच में इंपीरियल ब्लू ब्रांड की 349 कार्टन शराब बरामद हुई, जिसे छिपाकर ले जाया जा रहा था.
अलग अलग पैकिंग में मिली शराब, कई इलाकों में सप्लाई की आशंका
जांच में 180 एमएल की 149 कार्टन, 375 एमएल की 100 कार्टन और 750 एमएल की 100 कार्टन शराब मिली. कुल मात्रा 3087 लीटर पाई गई. पुलिस को आशंका है कि यह खेप बिहार के विभिन्न हिस्सों में अवैध तरीके से पहुंचाने की तैयारी थी. फिलहाल चालक से पूछताछ कर शराब के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.
पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष धनंजय कुमार के अनुसार शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है. इस मामले में उत्पाद एवं मद्यनिषेध अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है. पुलिस अब इस कारोबार से जुड़े अन्य तस्करों और उनके नेटवर्क का पता लगाने में लगी है.