Hazaribag News: हजारीबाग जिले की दनुवा घाटी में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में पांच बड़े वाहन आपस में टकरा गए। चौपारण थाना क्षेत्र स्थित इस घाटी में हुए हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में तीन ट्रेलर, एक ट्रक और एक अन्य भारी वाहन शामिल हैं।
भीषण टक्कर से मची अफरा-तफरी, “मौत की घाटी” में फिर बड़ा हादसा
टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। लगातार होने वाली दुर्घटनाओं के कारण दनुवा घाटी को लोग ‘मौत की घाटी’ के नाम से भी जानते हैं।
केबिन में फंसे चालक को निकालने के लिए घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना पुलिस, चोरदाहा चेक पोस्ट की टीम और एनएचएआई की एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गई। दुर्घटना में एक वाहन चालक अपने केबिन में बुरी तरह फंस गया था। उसे निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
तीन घंटे बाद चालक को निकाला गया
करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सभी घायलों को चौपारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
क्रेन से हटाए गए क्षतिग्रस्त वाहन
हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर लंबा जाम लग गया और वाहनों की आवाजाही घंटों बाधित रही। बाद में पुलिस और एनएचएआई की टीम ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर सड़क को खाली कराया। थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।