Chaibasa Big News: चाईबासा में गर्मी और तेज धूप से बचने की कोशिश दो बच्चों के लिए जानलेवा साबित हो गई। सदर थाना क्षेत्र के टुंगरी मोहल्ले में बुधवार को एक खड़ी कार के अंदर दम घुटने से पांच वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि दूसरा बच्चा किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहा। घटना के बाद इलाके में मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, एसपीजी मिशन कंपाउंड निवासी अंकित गोप और इशानी गोप टुंगरी स्थित स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे। तेज धूप के कारण दोनों बच्चे सड़क किनारे खड़ी एक कार में जाकर बैठ गए। कुछ देर बाद कार के अंदर बंद होने के कारण ऑक्सीजन की कमी होने लगी।
इस दौरान अंकित किसी तरह कार से बाहर निकल आया, लेकिन पांच वर्षीय इशानी अंदर ही फंस गई। काफी देर तक कार के अंदर रहने से उसका दम घुट गया और वह बेहोश हो गई।
अंकित ने घर पहुंचकर परिवार को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्ची को कार से बाहर निकालकर सदर अस्पताल ले गए। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए। एक मासूम की इस तरह हुई मौत से पूरे टुंगरी इलाके में शोक की लहर है। घटना ने एक बार फिर गर्मी के मौसम में बंद वाहनों के अंदर बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।