Ranchi News: राजधानी के वीआईपी इलाके मोरहाबादी में गुरुवार को उस वक्त तनाव की स्थिति बन गई, जब ऑनलाइन डिलीवरी ऐप Blinkit के एक डिलीवरी पार्टनर के साथ मारपीट का मामला सामने आया. घटना के विरोध में बड़ी संख्या में डिलीवरी कर्मी मौके पर जुट गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया.
घटना मोरहाबादी स्थित रामकृष्ण अपार्टमेंट के पास की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, Blinkit का एक डिलीवरी बॉय सामान पहुंचाने के लिए अपार्टमेंट पहुंचा था. इसी दौरान किसी बात को लेकर वहां मौजूद कुछ लोगों से उसकी कहासुनी हो गई. विवाद बढ़ने के बाद आरोप है कि कुछ लोगों ने डिलीवरी कर्मी के साथ मारपीट शुरू कर दी.
मारपीट की सूचना जैसे ही शहर के अन्य Blinkit डिलीवरी पार्टनर्स को मिली, उनमें आक्रोश फैल गया. बड़ी संख्या में डिलीवरी कर्मियों ने काम रोक दिया और रामकृष्ण अपार्टमेंट के बाहर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया.
प्रदर्शन कर रहे कर्मियों ने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि डिलीवरी कर्मी लगातार अपनी ड्यूटी के दौरान काम करते हैं, ऐसे में उनके साथ इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जा सकता. उन्होंने पीड़ित साथी को न्याय दिलाने और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की.
इधर, हंगामे की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे डिलीवरी कर्मियों को समझाने का प्रयास किया और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
फिलहाल इलाके में स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस का कहना है कि शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.