Ranchi News: UGC-NET जून 2026 परीक्षा को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है. परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं.
सदर अनुमंडल दंडाधिकारी कुमार रजत ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत आदेश जारी करते हुए परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में कई तरह की पाबंदियां लागू की हैं. यह आदेश 22 जून से 30 जून तक सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक प्रभावी रहेगा.
आदेश के तहत परीक्षा केंद्रों के आसपास पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक रहेगी. इसके अलावा किसी भी तरह की सभा, प्रदर्शन, जुलूस और लाउडस्पीकर या ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल की अनुमति नहीं होगी.
प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास हथियार या किसी भी तरह के पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र लेकर चलने पर भी प्रतिबंध लगाया है. हालांकि सरकारी कार्य में लगे अधिकारी और कर्मचारी इस आदेश के दायरे से बाहर रहेंगे.
रांची में UGC-NET परीक्षा के लिए छह केंद्र बनाए गए हैं. इनमें रामटहल चौधरी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल, आईओएन डिजिटल जोन, अरुणुमा टेक्निकल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, आई क्यूब डिजिटल और फ्यूचर ब्राइट परीक्षा केंद्र शामिल हैं.
उपायुक्त मंजूनाथ भजनत्री के निर्देश पर सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है. परीक्षा के दौरान केंद्रों के आसपास विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचा जा सके.