Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-18

Godda Crime News: गोड्डा में मुखिया पर दिनदहाड़े फायरिंग, बाल-बाल बचे अनुपम भगत; थाने का घेराव कर ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग

Godda Crime News: गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र में गुरुवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े पंचायत के मुखिया अनुपम भगत उर्फ लड्डू को निशाना बनाकर हमला कर दिया. मुख्य बाजार स्थित पंडित टोला कांबली बगीचा के पास अपराधियों ने मुखिया पर दो राउंड फायरिंग की. हालांकि, इस हमले में मुखिया बाल-बाल बच गए.

घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई. आक्रोशित हजारों ग्रामीणों ने पोड़ैयाहाट थाना पहुंचकर घेराव किया और हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. ग्रामीणों ने अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई.

बैंक से लौटने के दौरान बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, पोड़ैयाहाट पंचायत के मुखिया अनुपम भगत एसबीआई की स्थानीय शाखा से काम खत्म कर वापस लौट रहे थे. इसी दौरान पंडित टोला कांबली बगीचा के पास पहले से घात लगाए चार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया.

बताया जा रहा है कि दो बाइक पर सवार अपराधियों ने बेहद करीब से मुखिया पर गोलियां चलाईं. अचानक हुई फायरिंग से बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. हालांकि, गोली मुखिया को नहीं लगी और वह सुरक्षित बच गए.

वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है.

मुखिया ने तीन लोगों को बनाया आरोपी
घटना के बाद मुखिया अनुपम भगत ने पुलिस को दिए बयान में हमलावरों की पहचान करने का दावा किया है. उन्होंने नयन यादव, अंकित यादव और विकास यादव को नामजद आरोपी बनाया है.

मुखिया का आरोप है कि तीनों आरोपी सुनियोजित साजिश के तहत उनकी हत्या करने के इरादे से पहुंचे थे. पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुटी है.

शैलेंद्र भगत हत्याकांड की गवाही से जुड़ा होने की आशंका
यह मामला इसलिए भी संवेदनशील माना जा रहा है क्योंकि अनुपम भगत वर्ष 2024 के चर्चित शैलेंद्र भगत हत्याकांड के मुख्य गवाह हैं. हाल ही में उन्होंने अदालत में इस मामले को लेकर गवाही दी थी.

स्थानीय लोगों और मुखिया का मानना है कि इसी गवाही से नाराज होकर उन पर हमला कराया गया है. हालांकि, पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

हजारों ग्रामीणों ने किया थाने का घेराव
मुखिया पर हमले की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पोड़ैयाहाट थाना पहुंचे और प्रदर्शन किया. ग्रामीणों ने कहा कि अपराधियों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि अब दिनदहाड़े जनप्रतिनिधियों को भी निशाना बनाया जा रहा है.

ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार अपराधियों की तलाश की जा रही है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !