Jail Warder Recruitment: झारखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अपडेट है. झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की ओर से निकाली गई जेल कक्षपाल भर्ती 2026 के लिए आवेदन की प्रक्रिया 19 जून को समाप्त हो रही है. ऐसे में जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक फॉर्म नहीं भरा है, वे बिना इंतजार किए आधिकारिक वेबसाइट के जरिए आवेदन पूरा कर सकते हैं. इस भर्ती अभियान के तहत कुल 1733 पद भरे जाएंगे.
20 मई से शुरू हुई थी प्रक्रिया, जानिए कैसे भर सकते हैं फॉर्म
जेल कक्षपाल भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 20 मई 2026 से लिए जा रहे हैं. उम्मीदवार jssc.jharkhand.gov.in पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं. इसके लिए पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा, फिर आवेदन फॉर्म में व्यक्तिगत, शैक्षणिक और संपर्क संबंधी जानकारी दर्ज करनी होगी. इसके बाद फोटो, हस्ताक्षर और जरूरी दस्तावेज अपलोड कर शुल्क जमा करने के बाद फॉर्म सबमिट किया जा सकता है. अंतिम रूप से आवेदन पत्र डाउनलोड कर अपने पास सुरक्षित रखना चाहिए.
कौन कर सकता है आवेदन और कितनी है आयु सीमा
इस भर्ती में वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं जो भारत के नागरिक हों और किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से मैट्रिक या समकक्ष परीक्षा पास कर चुके हों. न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है. सामान्य वर्ग के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु 25 वर्ष तय है. ईबीसी प्रथम और बीसी द्वितीय वर्ग के पुरुष उम्मीदवार 27 वर्ष तक आवेदन कर सकते हैं, जबकि इन वर्गों की महिला अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु 28 वर्ष रखी गई है. अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के पुरुष और महिला उम्मीदवारों को 30 वर्ष तक आवेदन की अनुमति दी गई है. आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार अतिरिक्त छूट भी मिलेगी. उम्मीदवारों के लिए निर्धारित शारीरिक मानकों को पूरा करना भी जरूरी है.
पुरुष उम्मीदवारों के लिए सबसे ज्यादा सीटें, नियमित और लंबित रिक्तियां भी शामिल
इस भर्ती अभियान में कुल 1733 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. इनमें सामान्य पुरुष वर्ग के लिए 1634 पद निर्धारित हैं. नियमित महिला वर्ग के लिए 64 सीटें रखी गई हैं. इसके अलावा लंबित रिक्तियों में पुरुषों के लिए 19 और महिलाओं के लिए 16 पद शामिल हैं. आयोग यह भर्ती झारखंड जेल विभाग में नियमित और लंबित दोनों प्रकार की रिक्तियों को भरने के लिए कर रहा है.