Chandil: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र स्थित भुइयांडीह में संचालित गैलेक्सी एक्सपोर्ट इंगोट प्लांट में हुए फर्नेस हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आ गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण प्लांट के बाहर जुट गए और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्य प्रवेश द्वार को अवरुद्ध कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर पत्थर और बांस रखकर आवाजाही रोक दी। ग्रामीणों का कहना है कि मंगलवार को प्लांट के भीतर हुए फर्नेस विस्फोट की आवाज काफी दूर-दूर तक सुनाई दी। धमाके के बाद धुआं और धूल का गुबार पूरे इलाके में फैल गया, जिससे आसपास रहने वाले लोग दहशत में आ गए। हादसे में दो कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि एक अन्य कर्मचारी सुरक्षित बच निकला। घायल कर्मियों का इलाज जमशेदपुर के एक अस्पताल में चल रहा है।
बार-बार हो रही घटनाओं से नाराज हैं स्थानीय लोग
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्लांट में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। उनका कहना है कि यह पहली घटना नहीं है, बल्कि पहले भी कई बार तकनीकी गड़बड़ियां और छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं। आबादी के बीच संचालित इस उद्योग से लोगों की जान-माल को खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने मांग की है कि प्लांट को रिहायशी इलाके से बाहर स्थानांतरित किया जाए। साथ ही पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। स्थिति की जानकारी मिलते ही चांडिल थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाने और माहौल शांत करने का प्रयास किया। वहीं फर्नेस ब्लास्ट के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।