Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-18

Seraikela News: सरायकेला में पेयजल संकट के बीच PHED की लापरवाही उजागर, संयुक्त निरीक्षण में सामने आईं कई तकनीकी खामियां

Seraikela: सरायकेला  नगर क्षेत्र में गहराते पेयजल संकट के बीच पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (PHED) की बड़ी लापरवाही सामने आई है। गुरुवार को नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी के नेतृत्व में JUDCO, PHED और नगर पंचायत की संयुक्त टीम ने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (WTP) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तकनीकी अव्यवस्था, सुरक्षा मानकों की अनदेखी और वर्षों से रखरखाव नहीं होने जैसी गंभीर खामियां उजागर हुईं। नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने बताया कि वह दक्षिण पूर्व रेलवे की ZRUCC बैठक में शामिल होने के लिए कोलकाता गए हुए थे। इसी दौरान वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की मुख्य मोटर में तकनीकी खराबी आ गई और वह जल गई। इसके कारण पूरे नगर क्षेत्र की जलापूर्ति प्रभावित हो गई और लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर पंचायत की पहल पर संयुक्त निरीक्षण कराया गया।

स्विच पैनल और सुरक्षा उपकरणों की खराबी बनी वजह
निरीक्षण के दौरान संयुक्त टीम ने पाया कि मोटर और अन्य विद्युत उपकरणों के जलने की मुख्य वजह स्विच पैनल, रिले और सुरक्षा उपकरणों की खराब स्थिति थी। टीम के अनुसार लंबे समय से प्लांट का नियमित अनुरक्षण नहीं किया गया था और तकनीकी मानकों का भी पालन नहीं हो रहा था। निरीक्षण में एक और चौंकाने वाला तथ्य सामने आया। 5 एमएलडी (मिलियन लीटर प्रतिदिन) क्षमता वाले जलापूर्ति तंत्र से वर्तमान में मात्र 2 एमएलडी पानी की ही आपूर्ति की जा रही है। क्षमता के अनुरूप पानी की आपूर्ति नहीं होने के कारण नगरवासियों को लगातार जलसंकट का सामना करना पड़ रहा है।

महत्वपूर्ण परियोजनाएं अब तक लंबित
संयुक्त टीम ने पाया कि निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के स्थानांतरण और JUSCO विद्युत कनेक्शन जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं अब तक लंबित हैं। टीम ने इन कार्यों में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागों को जल्द कार्रवाई करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के बाद संयुक्त दल ने PHED के कार्यपालक अभियंता को व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए। टीम ने सुरक्षा उपकरणों को तत्काल बहाल करने, नियमित मेंटेनेंस शुरू करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा।

पेयजल सेवा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: मनोज चौधरी
नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा, “नगरवासियों को पर्याप्त और नियमित पेयजल उपलब्ध कराना हमारी पहली प्राथमिकता है। वर्षों से लंबित समस्याओं को दूर कर जलापूर्ति व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त किया जाएगा।”

कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि, वार्ड पार्षद गौतम नायक, विक्रम मोदक, PHED के सहायक अभियंता ललित कुमार, कनीय अभियंता प्रकाश गुप्ता, JUDCO के नयन मोदक, सिटी मैनेजर सुमित सुमन, महेश जारिका, अभियंता अजय सुंडी, विक्की गोप, समीर रजक, प्रह्लाद साहू समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। संयुक्त टीम ने आश्वासन दिया कि नगरवासियों को जल्द राहत देने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम तेजी से उठाए जाएंगे।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !