Dhanbad News: धनबाद के पॉश इलाके चंचलानी कॉलोनी में गुरुवार सुबह एक बंगले के अंदर सुरक्षा गार्ड का शव मिलने से सनसनी फैल गई. घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. मृतक की पहचान 46 वर्षीय अनिल कुमार सिंह के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, अनिल कुमार सिंह चंचलानी कॉलोनी स्थित व्यवसायी जितेंद्र अग्रवाल के बंगले में सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात थे. अग्रवाल परिवार कोलकाता में रहता है और धनबाद आने के दौरान ही बंगले में ठहरता है. परिवार की गैरमौजूदगी में बंगले की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी अनिल संभालते थे.
रात में बेटे से हुई थी आखिरी बातचीत
परिजनों ने बताया कि बुधवार रात अनिल की अपने बेटे अभिषेक कुमार से फोन पर बातचीत हुई थी. उस समय वह बिल्कुल सामान्य थे और किसी तरह की परेशानी की बात नहीं कही थी. इसके बाद सुबह अचानक उनकी मौत की खबर मिलने से परिवार में मातम छा गया.
गुरुवार सुबह जब बंगले में काम करने वाली महिला पहुंची तो उसने हॉल में अनिल को अचेत हालत में पड़ा देखा. काफी प्रयास के बाद भी जब कोई हलचल नहीं हुई तो उसने आसपास के लोगों को सूचना दी. इसके बाद पुलिस को बुलाया गया.
मौत के कारणों को लेकर जांच में जुटी पुलिस
मौके पर पहुंची धनबाद थाना पुलिस ने जांच शुरू की. शुरुआती जांच में पता चला कि अनिल का शव हॉल में पड़ा था और उनकी नाक से खून निकल रहा था. इस वजह से पुलिस मौत को सामान्य नहीं मान रही है और हर पहलू की जांच कर रही है.
हालांकि घटनास्थल पर किसी तरह के संघर्ष या मारपीट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है और जरूरी साक्ष्य भी जुटाए हैं.
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि अनिल कुमार सिंह की मौत हादसा, बीमारी या किसी अन्य वजह से हुई है. मामले की जांच जारी है.