Health Alert: गर्मी के दिनों में बचे हुए खाने को फ्रिज में रखना लगभग हर घर की आदत बन चुकी है. हालांकि कुछ खाद्य पदार्थ ऐसे भी हैं, जिन्हें लंबे समय तक ठंडे तापमान में रखने या बाद में दोबारा खाने से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं. ऐसे में यह जानना जरूरी है कि किन चीजों को संभालकर इस्तेमाल करना चाहिए.
इन चीजों को फ्रिज में रखने के बाद खाने से पहले जरूर बरतें सावधानी
उबले हुए अंडों को लंबे समय तक फ्रिज में रखने की सलाह नहीं दी जाती. गलत तरीके से स्टोर किए गए अंडे स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक साबित हो सकते हैं. इसी तरह कच्चे आमों को भी फ्रिज में रखने से उनका प्राकृतिक रूप से पकना प्रभावित होता है और उनका स्वाद व बनावट बदल सकती है. विशेषज्ञ पके हुए आमों को ही ठंडा करके रखने की सलाह देते हैं.
पके हुए चावल भी काफी समय तक फ्रिज में रखने के बाद खाने के लिए सुरक्षित नहीं माने जाते. उनमें बैक्टीरिया पनपने का खतरा बढ़ जाता है और दोबारा गर्म करने के बाद भी कुछ हानिकारक तत्व बने रह सकते हैं.
चिकन और ब्रेड को स्टोर करते समय रखें खास ध्यान
पका हुआ चिकन कई दिनों तक फ्रिज में रखने से उसकी गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है. स्वाद और रंग में बदलाव के अलावा इससे पेट से जुड़ी समस्याओं और फूड पॉइजनिंग का खतरा भी बढ़ सकता है. आमतौर पर इसे तीन से चार दिनों से अधिक समय तक रखने से बचना चाहिए.
वहीं, ब्रेड को फ्रिज में रखने से वह जल्दी सूखने लगती है और उसकी ताजगी कम हो जाती है. बेहतर होगा कि इसे किसी बंद डिब्बे या एयर टाइट कंटेनर में सामान्य तापमान पर रखा जाए.
दाल और सब्जियों को बार बार गर्म करके खाना भी सही नहीं
पकी हुई दाल और सब्जियों को लंबे समय तक फ्रिज में रखने और बार बार गर्म करके खाने से उनमें मौजूद पोषक तत्व कम होने लगते हैं. साथ ही कुछ दिनों बाद इनमें बैक्टीरिया विकसित होने का खतरा भी बढ़ जाता है. इसलिए जरूरत के मुताबिक ही खाना बनाना और ताजा भोजन का सेवन करना ज्यादा फायदेमंद माना जाता है.