Chattisgarh Breaking: छत्तीसगढ़ की राजनीति में इन दिनों संभावित मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल को लेकर चर्चाएं तेज हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार रात करीब 9 बजे राज्य के सभी मंत्रियों की एक महत्वपूर्ण बैठक मुख्यमंत्री निवास में बुलाई है। बैठक को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सरकारी स्तर पर इसे विभागों के कार्यों और योजनाओं की समीक्षा से जुड़ी नियमित बैठक बताया जा रहा है। हालांकि, बैठक की सूचना मिलने के बावजूद मंत्रियों को इसके विस्तृत एजेंडे की जानकारी नहीं दी गई है, जिससे इसके महत्व को लेकर अटकलें और तेज हो गई हैं।
मंत्रिमंडल फेरबदल की चर्चाओं को मिली हवा
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि बैठक केवल विभागीय कार्यों की समीक्षा के लिए होती, तो अलग-अलग विभागों के साथ चरणबद्ध बैठकें भी आयोजित की जा सकती थीं। ऐसे में सभी मंत्रियों को एक साथ मुख्यमंत्री निवास बुलाए जाने को सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया से अलग माना जा रहा है।सूत्रों के मुताबिक, बैठक की खबर सामने आने के बाद सत्ता और संगठन दोनों स्तरों पर हलचल बढ़ गई है। मंत्रिमंडल में संभावित बदलाव, आगामी राजनीतिक रणनीति और सरकार के प्रदर्शन जैसे मुद्दों को लेकर विभिन्न तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।