Jharkhand Politics: झारखंड राज्यसभा चुनाव के नतीजों के बाद महागठबंधन के भीतर सियासी घमासान तेज हो गया है. राजद ने कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू पर निशाना साधते हुए उन्हें "गद्दार व्यक्ति" तक बता दिया है. राजद विधायक दल के नेता और देवघर विधायक सुरेश पासवान ने कांग्रेस प्रभारी की भूमिका पर सवाल उठाए हैं.
सुरेश पासवान ने आरोप लगाया कि के. राजू ने बिहार और झारखंड दोनों जगह गठबंधन के साथ विश्वासघात किया है. उन्होंने कहा कि बिहार में कांग्रेस ने राजद के साथ गद्दारी की और अब झारखंड राज्यसभा चुनाव में भी कांग्रेस उम्मीदवार की हार के पीछे उनकी भूमिका रही है.
राजद नेता ने दावा किया कि चुनाव परिणाम के बाद पार्टी ने पूरे मामले की समीक्षा की है, जिसमें कई ऐसे तथ्य सामने आए हैं जो कांग्रेस प्रभारी की भूमिका को संदिग्ध बनाते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि के. राजू ने भाजपा नेताओं के साथ मिलकर महागठबंधन को नुकसान पहुंचाने का काम किया.
सुरेश पासवान ने कहा कि राजद के सभी विधायकों ने गठबंधन धर्म निभाते हुए ईमानदारी से मतदान किया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को इस पूरे मामले की जांच करानी चाहिए और अगर आरोप सही पाए जाते हैं तो के. राजू पर कार्रवाई होनी चाहिए.
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर पुनर्विचार करने की मांग की. हालांकि, राजद नेता ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी महागठबंधन को मजबूत रखने और सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ लड़ाई जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है.
राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा की हार के बाद अब गठबंधन के अंदर क्रॉस वोटिंग और भीतरघात को लेकर सवाल उठने लगे हैं. इसी बीच राजद के इस हमले ने झारखंड की सियासत को और गर्म कर दिया है.