Jamshedpur News: मानगो नगर निगम क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को और अधिक सुदृढ़ एवं सुचारू बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। मेयर सुधा गुप्ता ने विभिन्न जलापूर्ति योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की है। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से क्षेत्र के हजारों नागरिकों को बेहतर, स्वच्छ और नियमित पेयजल आपूर्ति का सीधा लाभ मिलेगा।
गली-मोहल्लों तक पहुँचेगा पानी, बिछेगी नई पाइपलाइन और इंटरकनेक्शन
स्वीकृत योजनाओं के तहत मानगो के कई प्रमुख इलाकों में जलापूर्ति इंफ्रास्ट्रक्चर को अपग्रेड किया जाएगा। इसमें मुख्य रूप से बागानशाही बावनगोड़ा चौक रोड संख्या-07, बीचा खान रोड से कुली रोड, समता नगर, ठाकुर रोड, और शांति नगर रोड संख्या-06 से संजय पथ तक वितरण पाइपलाइन का इंटरकनेक्शन और स्लूस वाल्व की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
हाई-पावर पंप और तकनीकी सुधार
पानी के दबाव और सप्लाई को बेहतर करने के लिए जोन-1 और जोन-5 में 50 HP तथा 25 HP क्षमता के नए पंप लगाए जाएंगे। इसके अलावा गोकुल नगर में नई पाइपलाइन, एमजीडी जल शोधन संयंत्र (WTP) जवाहर नगर रोड संख्या-15 में सफाई व मरम्मत कार्य, तथा स्काई टावर से गुलजार बाग तक वितरण पाइपलाइन इंटरकनेक्शन सहित विभिन्न तकनीकी उपकरणों की आपूर्ति की जाएगी। इन सभी कार्यों पर कुल ₹1,41,41,549 की राशि खर्च होगी।
गुणवत्ता और समयसीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश
मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि निगम क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही पानी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इन योजनाओं से पानी के प्रेशर में सुधार होगा और जल संकट दूर होगा। उन्होंने निगम के इंजीनियरों और एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि सभी स्वीकृत कार्यों को पूरी गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए।