Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-19

Jamshedpur News: कदमा में हाई वोल्टेज ड्रामा, ट्रैफिक एएसआई पर टाटा स्टील क्वार्टर में अवैध कब्जे का आरोप, खाली कराने पहुंची टीम का किया विरोध

Jamshedpur: कदमा थाना क्षेत्र के टावर रोड स्थित टाटा स्टील के एक आवासीय क्वार्टर को लेकर शुक्रवार को हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। टाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व में जुस्को) और एसआरटी की टीम जब कथित रूप से अवैध कब्जा हटाने पहुंची, तो मौके पर जमकर हंगामा और विरोध हुआ। मामला कदमा टावर रोड स्थित टाटा स्टील क्वार्टर संख्या L5-55 से जुड़ा है। कंपनी अधिकारियों का आरोप है कि ट्रैफिक विभाग में पदस्थापित एएसआई अमरेश कुमार सिंह पिछले करीब ढाई वर्षों से क्वार्टर का ताला तोड़कर अवैध रूप से वहां रह रहे थे। बताया जा रहा है कि उक्त क्वार्टर कंपनी के आवंटन नियमों के तहत उनके नाम पर आवंटित नहीं था, इसके बावजूद उसमें निवास किया जा रहा था।

बिजली-पानी के उपयोग से कंपनी को नुकसान का दावा
कंपनी अधिकारियों के अनुसार इस दौरान क्वार्टर में बिजली और पानी का उपयोग किया जाता रहा, जिससे कंपनी को आर्थिक नुकसान हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि आवास पर अवैध कब्जा होने के कारण उसे किसी पात्र कर्मचारी को आवंटित नहीं किया जा सका। शुक्रवार सुबह टाटा स्टील यूआईएसएल और एसआरटी की टीम क्वार्टर खाली कराने के लिए मौके पर पहुंची। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और नोकझोंक हुई। कुछ समय तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा, जिसके चलते आसपास के लोगों की भीड़ भी जुट गई।

कंपनी ने दी सख्त चेतावनी
टाटा स्टील यूआईएसएल के अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि कंपनी की संपत्ति पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि क्वार्टर खाली रहता तो उसे किसी जरूरतमंद और पात्र कर्मचारी को आवंटित किया जा सकता था। नियमों का पालन कराने वाले पुलिस विभाग के एक अधिकारी पर ही कंपनी की संपत्ति पर अवैध कब्जे का आरोप लगने के बाद यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। फिलहाल मामले को लेकर संबंधित पक्षों की ओर से आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !