Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-19

Adityapur News: आदित्यपुर में एसपी निधि द्विवेदी का जनता दरबार आयोजित , लोगों की समस्याएं सुनीं और दिए समाधान के निर्देश

Adityapur: सरायकेला-खरसावां की पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने शुक्रवार को आदित्यपुर स्थित जियाडा पुलिस कार्यालय में जनता दरबार आयोजित कर आम लोगों और उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कई शिकायतों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जनता दरबार के दौरान एसपी निधि द्विवेदी ने कहा कि आदित्यपुर राज्य का एक महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयां संचालित होती हैं। कई बार उद्योगों और स्थानीय लोगों की समस्याएं जिला मुख्यालय तक नहीं पहुंच पाती हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को भी अपनी शिकायतें लेकर सरायकेला पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए जियाडा पुलिस कार्यालय में नियमित रूप से जनता दरबार आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।

हर सप्ताह एक दिन होगी जनसुनवाई
एसपी ने बताया कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक सप्ताह एक दिन जियाडा पुलिस कार्यालय में बैठकर आम नागरिकों और उद्योग जगत से जुड़े लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस पहल से लोगों को स्थानीय स्तर पर ही अपनी शिकायतों के समाधान का अवसर मिलेगा और अनावश्यक रूप से जिला मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।

जनता दरबार में बड़ी संख्या में उद्योग प्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक और विभिन्न क्षेत्रों से आए लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। इस दौरान जमीन विवाद, औद्योगिक सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था, कानून-व्यवस्था तथा अन्य जनसरोकार से जुड़े मुद्दे प्रमुख रूप से उठाए गए। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को मामलों की प्राथमिकता के आधार पर जांच कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

थाना प्रभारियों को दिए सख्त निर्देश
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और प्रत्येक मामले में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना तथा लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जनता दरबार में पहुंचे लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे आम नागरिकों और उद्योग जगत के लिए लाभकारी बताया।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !