Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-19

Giridih News: गिरिडीह में सुबह दुकान के लिए घर से निकला युवक, दोपहर में रेलवे ट्रैक पर मिला शव, चार महीने पहले हुई थी शादी

Giridih: गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित गरहटांड रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के शिवमुहल्ला निवासी राजेंद्र प्रसाद के 29 वर्षीय पुत्र देव आशीष कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, देव आशीष कुमार की शादी करीब चार माह पूर्व बेंगाबाद थाना क्षेत्र के चपुआडीह निवासी मनोज कुमार राम की पुत्री मोली कुमारी से हुई थी। शुक्रवार सुबह वह रोज की तरह अपनी बाइक से दुकान खोलने के लिए बक्शीडीह जाने की बात कहकर घर से निकले थे। इसी दौरान दोपहर में गरहटांड रेलवे ट्रैक पर उनके ट्रेन की चपेट में आने की सूचना मिली।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। साथ ही परिजनों को भी घटना की सूचना दी गई। अस्पताल पहुंचने पर परिजनों को युवक की मौत की जानकारी मिली, जिसके बाद परिवार में मातम छा गया। मृतक की पत्नी मोली कुमारी ने बताया कि उनके पति सुबह दुकान जाने की बात कहकर घर से निकले थे। दोपहर में पुलिस का फोन आने पर वह सदर अस्पताल पहुंचीं, जहां उन्हें पति की मौत की सूचना मिली। उन्होंने कहा कि घटना कैसे हुई, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।

भाई ने बताया- कभी-कभी होता था विवाद
मृतक के भाई विकास कुमार ने बताया कि देव आशीष की शादी चार माह पहले हुई थी। पति-पत्नी के बीच कुछ बातों को लेकर कभी-कभी विवाद होने की जानकारी उन्हें अन्य लोगों से मिली थी। हालांकि परिवार के सदस्य अलग-अलग रहते हैं और सभी का व्यवसाय भी अलग है। उन्होंने बताया कि देव आशीष रोज की तरह दुकान के लिए निकले थे, लेकिन बाद में पुलिस से घटना की सूचना मिली। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल घटना के बाद मृतक के परिवार और मोहल्ले में शोक का माहौल है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !