Jamshedpur News : केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत शुक्रवार को देशभर के 15 लाख लाभार्थियों को रोजगार उपलब्ध कराने और ₹2,400 करोड़ की प्रोत्साहन राशि वितरित करने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। जमशेदपुर में इस कार्यक्रम का आयोजन मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल के सभागार में ऑनलाइन माध्यम से किया गया, जिसमें जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने भाग लिया।
रोजगार सृजन और स्वरोजगार को मिलेगा बढ़ावा
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना का उद्देश्य युवाओं, महिलाओं और विभिन्न वर्गों के बेरोजगार नागरिकों को रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। योजना के तहत उद्योगों और संस्थानों को नई भर्तियां करने के लिए प्रोत्साहन राशि दी जा रही है, ताकि देशभर में रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को उद्यमिता और स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी लगातार कार्य कर रही है।
आने वाले समय में और युवाओं को मिलेगा लाभ
कार्यक्रम में बताया गया कि सरकार का लक्ष्य योजना का दायरा और बढ़ाते हुए आने वाले समय में लाखों अन्य युवाओं को भी रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ना है। सरकार का मानना है कि प्रोत्साहन राशि से उद्योगों में नई नियुक्तियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।