Chandil: चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के तिरुलडीह थाना अंतर्गत कुकड़ू प्रखंड मुख्यालय के समीप शनिवार सुबह एक बुजुर्ग का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही तिरुलडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, कुकड़ू प्रखंड मुख्यालय के पास स्थित चोकेगोड़िया मैदान में सुबह ग्रामीणों ने एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव पड़ा देखा। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
शव के पास मिली साइकिल और टॉर्च
घटनास्थल से एक साइकिल और टॉर्च भी बरामद हुई है। वहीं मृतक के शरीर पर खून के धब्बे दिखाई देने से मामले को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। स्थानीय लोग घटना को संदिग्ध मान रहे हैं और इसकी निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक की पहचान चौका-आदारडीह निवासी लगभग 60 वर्षीय सनातन गोप के रूप में की जा रही है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक मृतक की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।