Jamshedpur: राजधानी नई दिल्ली स्थित यशोभूमि (भारत अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एवं प्रदर्शनी केंद्र) में आयोजित भारत बिल्डकॉन 2026 में जमशेदपुर की कलाकार एवं फ्लेमिनआर्ट की संस्थापक सुमन प्रसाद ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन कर झारखंड का मान बढ़ाया। ब्रिक्स एवं ब्रिक्स प्लस देशों की भागीदारी वाले इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय आयोजन में उनकी कलाकृतियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। इस अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी में ब्राजील, रूस, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और इंडोनेशिया समेत कई देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। वैश्विक स्तर के इस मंच पर सुमन प्रसाद ने झारखंड की कला, संस्कृति और भारतीय सृजनशीलता का प्रभावी प्रतिनिधित्व किया।
उद्योग जगत के विशेषज्ञों से किया संवाद
फ्लेमिनआर्ट ने निर्माण क्षेत्र के पेशेवर संगठन पीपुल ऑफ कंस्ट्रक्शन नेटवर्क क्लब के सहयोग से प्रदर्शनी में भागीदारी की। इस दौरान संस्था की ओर से प्रस्तुत विशेष भित्ति कलाएं (Wall Art), उभरी हुई कलाकृतियां (Relief Art) और प्रीमियम कैनवास पेंटिंग्स ने देश-विदेश से आए आगंतुकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।प्रदर्शनी के दौरान सुमन प्रसाद ने वास्तुकारों, इंटीरियर डिजाइनरों, बिल्डरों, डेवलपर्स और उद्योग जगत के कई प्रतिनिधियों से संवाद किया। उनकी कलात्मक सोच और रचनात्मक कार्यों को व्यापक सराहना मिली। कई विशेषज्ञों ने उनकी कला को आधुनिकता और भारतीय परंपरा का सुंदर संगम बताया।
“झारखंड की प्रतिभाओं को मिल रही वैश्विक पहचान”
सुमन प्रसाद ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी कला को प्रदर्शित करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने इसे केवल अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि जमशेदपुर और पूरे झारखंड की रचनात्मक प्रतिभाओं की पहचान बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच स्थानीय कलाकारों को वैश्विक अवसर प्रदान करते हैं और राज्य की कला एवं संस्कृति को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का मौका देते हैं। भारत बिल्डकॉन 2026 में सुमन प्रसाद की भागीदारी को झारखंड की कला जगत के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। कला प्रेमियों का मानना है कि इस तरह की उपलब्धियां राज्य की रचनात्मक प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएंगी।