Chandil: चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत नव प्राथमिक विद्यालय, हरिजन टोला में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय मुखिया, विद्यालय के शिक्षक, पुलिस पदाधिकारी, छात्र-छात्राएं और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं के बीच कॉपी, पेंसिल, रबर सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया। बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही उन्हें शिक्षा के महत्व के बारे में बताते हुए कहा गया कि शिक्षा ही बेहतर भविष्य और सफलता की कुंजी है।
गुड टच और बैड टच की दी गई जानकारी
पुलिस पदाधिकारियों ने बच्चों को गुड टच और बैड टच के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति गलत नीयत से छूने का प्रयास करे तो इसकी जानकारी तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक या किसी विश्वसनीय व्यक्ति को दें और ऐसी बातों को छिपाएं नहीं। कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति भी बच्चों को जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने सड़क पार करते समय सावधानी बरतने, हेलमेट पहनने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
नशा मुक्ति का संदेश दिया गया
पुलिस ने बच्चों से अपील की कि वे अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। अधिकारियों ने कहा कि नशा समाज और परिवार दोनों के लिए घातक है तथा स्वस्थ और सुरक्षित जीवन के लिए इससे दूरी बनाकर रखना जरूरी है। स्थानीय मुखिया ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ पुलिस और समाज के बीच विश्वास को भी मजबूत करते हैं। वहीं विद्यालय के शिक्षकों ने भी पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा जताई।