Delhi Police Exam: दिल्ली पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2026 के अगले चरण का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए जल्द अच्छी खबर आ सकती है. कर्मचारी चयन आयोग जल्द ही शारीरिक परीक्षा का पूरा कार्यक्रम जारी कर सकता है. लिखित परीक्षा में सफल हुए 66,076 अभ्यर्थियों को अब शारीरिक सहनशक्ति परीक्षण और शारीरिक माप परीक्षण में शामिल होना होगा. इसी प्रक्रिया के आधार पर आगे की चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
7201 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ी, अब शारीरिक परीक्षा की बारी
एसएससी की ओर से हाल ही में कांस्टेबल कार्यकारी पुरुष और महिला के 7201 पदों के लिए लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया था. इसके बाद हजारों उम्मीदवार अगले चरण की तारीख का इंतजार कर रहे हैं. आयोग जल्द ही पीईटी और पीएमटी का विस्तृत शेड्यूल जारी कर सकता है. यह चरण बेहद अहम माना जाता है, क्योंकि इसके जरिए उम्मीदवारों की शारीरिक क्षमता और ड्यूटी के लिए जरूरी फिटनेस का आकलन किया जाता है.
ऐसे पूरी होगी दिल्ली पुलिस कांस्टेबल भर्ती की चयन प्रक्रिया
कांस्टेबल कार्यकारी पदों पर नियुक्ति कई चरणों के जरिए की जाएगी. सबसे पहले कंप्यूटर आधारित परीक्षा आयोजित की गई है. इसमें सफल उम्मीदवारों को शारीरिक सहनशक्ति और शारीरिक माप परीक्षण के लिए बुलाया जाएगा. इसके बाद दस्तावेज सत्यापन, मेडिकल जांच, अंतिम मेरिट सूची और फिर नियुक्ति तथा प्रशिक्षण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
पीईटी पास करने वाले अभ्यर्थियों का ही होगा शारीरिक माप परीक्षण
उम्मीदवारों के लिए यह जानना जरूरी है कि शारीरिक माप परीक्षण केवल उन्हीं अभ्यर्थियों का किया जाएगा, जो शारीरिक सहनशक्ति परीक्षण में सफल होंगे. इसके लिए निर्धारित मानकों के आधार पर उम्मीदवारों की लंबाई और अन्य शारीरिक माप की जांच की जाएगी. आयोग की ओर से जारी दिशा निर्देशों के अनुसार ही यह पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी.