Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बड़ाजामदा क्षेत्र में सक्रिय एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने अभियान चलाकर चोरी की सात दोपहिया गाड़ियां बरामद की हैं। मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन नाबालिगों को भी पुलिस ने अपनी निगरानी में लिया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि बड़ाजामदा इलाके में कुछ लोग चोरी के वाहनों के साथ सक्रिय हैं। सूचना के आधार पर किरीबुरु अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिनित कुमार किंडो के नेतृत्व में बड़ाजामदा, नोवामुंडी और किरीबुरु थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। इसके बाद कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई।
विभिन्न स्थानों से बरामद हुईं गाड़ियां
अभियान के दौरान पुलिस ने अलग-अलग जगहों से कुल सात चोरी के वाहन बरामद किए। इनमें छह मोटरसाइकिल और एक स्कूटी शामिल है। बरामद वाहनों में अधिकांश होंडा कंपनी की बाइकें हैं, जिन्हें चोरी के बाद विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस जांच में पता चला कि गिरोह चोरी की मोटरसाइकिलों का उपयोग छिनतई, मारपीट और अन्य वारदातों को अंजाम देने में करता था। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई अहम जानकारियां भी दी हैं, जिसके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
गिरोह के तीन सदस्य पहुंचे जेल
इस मामले में पुलिस ने दयाल कुमार नागा उर्फ मार्शल, संदीप पिंगुवा उर्फ पोटी और बॉबी दास को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, तीन किशोरों को भी कानून के प्रावधानों के तहत निरुद्ध किया गया है। पुलिस के अनुसार गिरोह के मुख्य आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और वे पूर्व में भी विभिन्न मामलों में जेल जा चुके हैं। उनके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं।
अन्य सदस्यों की तलाश जारी
बड़ाजामदा थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब गिरोह के फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं में इनकी भूमिका कहां-कहां रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि वाहन चोरी, छिनतई और संगठित अपराध के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सक्रिय है।