Ranchi New : श्रावण माह के दौरान राजधानी में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रांची नगर निगम में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। नगर आयुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक में श्रावणी मेले के दौरान सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, कचरा प्रबंधन और अन्य नागरिक सुविधाओं की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रावण माह शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सभी शाखाओं को सौंपी गई जिम्मेदारी, श्रद्धालुओं की सुविधा रहेगी प्राथमिकता
बैठक में नगर निगम के विभिन्न विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मंदिरों और प्रमुख मार्गों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। जलजमाव वाले क्षेत्रों की पहचान कर तत्काल समाधान किया जाए तथा पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इसके अलावा स्ट्रीट लाइटों की जांच, खराब लाइटों की मरम्मत, सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई, कूड़ा उठाव की व्यवस्था और अतिरिक्त सफाईकर्मियों की तैनाती पर भी जोर दिया गया।
नगर आयुक्त ने कहा कि श्रावण माह के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न मंदिरों में जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में नगर निगम की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि उन्हें स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण मिले।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान किया जाए। साथ ही संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर ट्रैफिक, साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं को सुचारु बनाए रखा जाए, ताकि श्रावण माह के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।