West Singhbhum News: चक्रधरपुर शहर के कुलीबाड़ी इलाके में खेलते समय एक 9 वर्षीय बच्चे के साथ दर्दनाक हादसा हो गया. नेमार लामायत नाम का बच्चा खेल के दौरान अचानक त्रिशूल की चपेट में आ गया और त्रिशूल उसकी पीठ में जा घुसा.
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों में अफरा-तफरी मच गई. आनन-फानन में घायल बच्चे को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल चक्रधरपुर ले जाया गया.
डॉक्टरों ने तुरंत शुरू किया इलाज
अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए बिना देरी किए उपचार शुरू किया. डॉ. जे.जे. मुंडू और ड्रेसर मिथलेश महतो की टीम ने सावधानीपूर्वक बच्चे की पीठ से त्रिशूल बाहर निकाला. समय पर इलाज मिलने और डॉक्टरों की तत्परता से बच्चे की जान बच गई.
परिवार ने स्वास्थ्यकर्मियों का जताया आभार
बच्चे के पिता प्रेम लामायत ने बताया कि घटना खेलते समय अचानक हुई. उन्होंने अस्पताल के डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की त्वरित कार्रवाई के लिए धन्यवाद दिया. वहीं समाजसेवी संतोष मुंडा भी अस्पताल पहुंचे और परिवार को हिम्मत दी.
अब खतरे से बाहर है बच्चा
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भी डॉक्टरों की तत्परता की सराहना की. लोगों का कहना है कि समय पर इलाज मिलने से एक बड़ी अनहोनी टल गई. फिलहाल नेमार लामायत की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है.