Social Media Trending: कॉमेडियन समय रैना का चर्चित कॉमेडी शो "इंडियाज गॉट लेटेंट" अपने नए सीजन के साथ वापस आ गया है. लंबे विवाद के बाद शो की वापसी ने सोशल मीडिया पर फिर से चर्चा तेज कर दी है. पहले एपिसोड में बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट और शरवरी वाघ अपनी फिल्म के प्रमोशन के लिए पहुंचीं.
शो के नए एपिसोड का प्रीमियर यूट्यूब और नेटफ्लिक्स पर किया गया, जिसे दर्शकों की ओर से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला. रिलीज के कुछ ही समय में एपिसोड के व्यूज लाखों में पहुंच गए. हालांकि, जहां कई लोगों ने समय रैना की वापसी की तारीफ की, वहीं कुछ दर्शकों ने नए सीजन के कंटेंट को लेकर सवाल भी उठाए.
फैंस ने की समय की वापसी की तारीफ
समय रैना ने सोशल मीडिया पर एपिसोड का थंबनेल शेयर करते हुए लिखा, "क्या हम शो शुरू करने के लिए तैयार हैं?"
इसके बाद कई यूजर्स ने उनकी वापसी को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी. कुछ लोगों ने कहा कि विवादों और बैन के बाद भी मजबूती से वापसी करना समय के आत्मविश्वास को दिखाता है.
एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि अब तक सेट टूटते थे, लेकिन इस बार शायद यूट्यूब का सेट टूटने वाला है.
कुछ दर्शकों को नहीं दिखा पुराना अंदाज
शो देखने के बाद कई दर्शकों ने सोशल मीडिया पर अपनी निराशा भी जाहिर की. कुछ लोगों का कहना था कि नए सीजन में पहले जैसी बेबाक और डार्क ह्यूमर वाली शैली नजर नहीं आई.
एक यूजर ने लिखा कि इस बार शो ज्यादा "पॉलिश्ड" लग रहा है और पहले वाला रॉ अंदाज कम महसूस हो रहा है.
वहीं एक अन्य दर्शक ने कहा कि आलिया भट्ट के सामने समय रैना अपने पुराने अंदाज में नजर नहीं आए और शायद लंबे अंतराल के बाद शो करने की वजह से ऐसा हुआ.
आलिया भट्ट की मौजूदगी पर भी हुई चर्चा
कुछ दर्शकों ने आलिया भट्ट की तारीफ करते हुए एपिसोड को अच्छा बताया, जबकि कुछ ने उनकी बातचीत और शो के माहौल को लेकर अलग राय रखी.
एक कमेंट में यूजर ने लिखा कि एपिसोड में जबरदस्ती की कॉमेडी महसूस हुई और पुराना अनफिल्टर्ड "लेटेंट" वापस आना चाहिए.
विवाद के बाद हुई थी शो की वापसी
बता दें कि समय रैना का पहला शो "इंडियाज गॉट लेटेंट" विवादों के बाद बंद हो गया था. सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने वाले इस शो को लेकर कई विवाद खड़े हुए थे.
इसके बाद समय रैना ने जिम्मेदारी लेते हुए यूट्यूब से सभी एपिसोड हटा दिए थे. इस मामले में उनके खिलाफ शिकायतें भी दर्ज हुई थीं और उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था.
अब सीजन 2 की वापसी के बाद दर्शकों की प्रतिक्रिया से साफ है कि समय रैना का शो एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है.