Jamshedpur: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र के रामदेव बागान में हुए गोलीकांड मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पिस्टल एक जिंदा गोली और एक खोखा भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार, 14 जून की रात करीब 11:30 बजे रामदेव बागान क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में दीपक कुमार झा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
तकनीकी और मानवीय सूचना से मिली सफलता
जांच के दौरान तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने मामले में संलिप्त शुभम कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई एक लोडेड पिस्टल, एक जिंदा गोली और एक खोखा बरामद किया गया। पुलिस ने बरामद हथियार को जब्त कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। गिरफ्तार आरोपी को रविवार को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इन अधिकारियों ने निभाई अहम भूमिका
मामले के खुलासे में पुलिस उपाधीक्षक (नगर) संजीव कुमार, गोलमुरी थाना प्रभारी संजय सुमन, पु०अ०नि० रवि होनहागा, पु०अ०नि० राज रौशन सिन्हा, पु०अ०नि० रफीक आलम तथा गोलमुरी थाना के सशस्त्र बल के जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।